बेगूसराय जिले में गढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी शॉप में करीब 50 लाख रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है। घटना गढ़पुरा बाजार स्थित रामानंद प्रसाद ज्वेलर्स की है, जहां चोरों ने दुकान के पीछे बनी लाइट विंडो तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
दुकानदार के मुताबिक, चोर करीब 30 किलोग्राम चांदी, साढ़े चार किलोग्राम सोना और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के बंधक रखे जेवरात लेकर फरार हो गए। कुल मिलाकर चोरी गई संपत्ति की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। गौरतलब है कि 13 फरवरी 2023 की रात भी इसी दुकान में चोरी हुई थी। तब चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर 400 ग्राम सोने, 25 से 30 किलोग्राम चांदी और 10 हजार रुपये नकद की चोरी की थी।
पढ़ें: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर लगाकर फर्जी आवासीय प्रमाणपत्र बनवाने की कोशिश, मामला हुआ दर्ज
रविवार रात की यह घटना तब हुई जब दुकान के पास ही कांवरियों के लिए सेवा शिविर लगा था और क्षेत्र में चहल-पहल बनी हुई थी। लोगों का कहना है कि शिविर में बड़ी संख्या में लोग पूरी रात जगे हुए थे, इसके बावजूद चोर चोरी कर भाग निकले। अब लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिरकार बार-बार एक ही दुकान को चोर क्यों बना रहे हैं निशाना? फिलहाल गढ़पुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।