घटनास्थल पर गुस्साए लोगों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई। यह हादसा बलिया थाना क्षेत्र के जानीपुर ढाला एनएच-31 पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने मां-पुत्र को कुचल दिया। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मां-बेटे की सड़क पर दर्दनाक मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान बलिया थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर निवासी श्याम राम यादव की पत्नी प्रीति देवी और उनके बेटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रीति देवी अपने घर से डेरा की ओर जा रही थीं। सड़क पार करने के दौरान एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
इस हादसे के तुरंत बाद इलाके में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोग घटना से गुस्से में आ गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक को रोक लिया, हालांकि ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने प्रशासन और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को लेकर गुस्सा जाहिर किया। उनका कहना था कि एनएच-31 पर इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
परिवार में छाया मातम
इस हादसे के बाद मृतक प्रीति देवी के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। श्याम राम यादव और उनके अन्य परिजन इस घटना से सदमे में हैं। मां-बेटे की एक साथ मौत ने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन सड़क पर वाहनों की तेज गति पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए। घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की जा रही है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।