धरना-प्रदर्शन करते छात्र संगठनों के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय के एमआरजेडी कॉलेज के शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं की पिटाई का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन और आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को कई छात्र संगठनों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया, जिसमें आरोपी प्रिंसिपल और शिक्षकों की गिरफ्तारी की मांग की गई। साथ ही, घायल छात्र-छात्राओं के इलाज की समुचित व्यवस्था की भी मांग की गई है।
धरना प्रदर्शन छात्र संगठनों के बैनर तले एआईएसएफ, एनएसयूआई, छात्र राजद, आईसा और छात्र जदयू द्वारा समाहरणालय के समक्ष किया गया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व एआईएसएफ के जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजा कुमार, आईसा जिलाध्यक्ष सोनू फरनाज और छात्र राजद के जिलाध्यक्ष रवि यादव ने संयुक्त रूप से किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एमआरजेडी कॉलेज के प्राचार्य और उनके गुंडों द्वारा छात्रों के साथ की गई मारपीट न सिर्फ छात्रों पर हमला है, बल्कि एक शिक्षण संस्थान और शिक्षक के अस्तित्व पर हमला है। उन्होंने प्राचार्य और उनके समर्थकों को ‘हैवान’ करार देते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में ऐसे कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। जब तक दोषी प्राचार्य और उनके गुर्गों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा और अगर जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।
छात्र संगठनों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन अभी तक आरोपी प्राचार्य और उनके गुर्गों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। धरने पर बैठे छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो इसका जिम्मेदार जिला प्रशासन होगा। उन्होंने उन लोगों को भी शर्मसार किया जो प्राचार्य के समर्थन में खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग छात्रों के प्रति अपनी घृणित मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।
इस मामले ने जिले में छात्र संगठनों को एकजुट कर दिया है। अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जिले में हालात और बिगड़ सकते हैं। छात्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मांगों को पूरा होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।