बिहार के सीतामढ़ी में रंगदारी मांगने पहुंचे दो बदमाशों को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। घटना सोनबरसा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि मयूरवा गांव के निवासी उपेंद्र यादव होमगार्ड के जवान होने के साथ-साथ व्यवसायी भी हैं। उपेंद्र से चार-पांच दिन पहले भी रंगदारी की मांग की गई थी। उसी रंगदारी के सिलसिले में दोनों बदमाश अपाचे पर सवार होकर होमगार्ड के जवान के सामने पहुंचे थे। जैसे ही बदमाशों ने हथियार से उपेंद्र को मारने की कोशिश की, उसने शोर मचा दिया। यह सुनकर गांव के लोग जमा हो गए और बदमाशों को घेर कर जमकर पीटा। गांव वालों ने अपराधियों को इतना पीटा कि उन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बदमाश नेपाली मूल के बताए जा रहे है।