बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दर्दनाक वाक्या सामने आया है, यहां बॉलीवुड फिल्म देखकर एक दस साल की बच्ची ने भूत बुलाने के लिए खुद को आग लगा ली। उसे 90 फीसदी झुलसी अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। बच्ची ने मरने से पहले बताया कि वह अपनी बहनों से बदला लेने के लिए भूत बुलाना चाहती थी।
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार वाक्या शुक्रवार शाम का है, जब मुजफ्फरपुर के आहियापुर क्षेत्र की रहने वाली दस साल की मोना (बदला हुआ नाम) ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया।
उसने बताया कि उसकी दो बड़ी बहनें उसे बहुत पीटती हैं और वह उनसे अपने अपमान का बदला लेना चाहती थी। इसलिए उसने भूत से अपनी बहनों को तंग करवाने के लिए तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली।
मरने से पहले पुलिस को दिया बयान, बहुत पीटतीं थी बहनें
मरने से पहले पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि 'वह गवर्नमेंट मिडिल स्कूल में चौथी क्लास की छात्रा है, चार बहनों में मैं तीसरे नंबर पर हूं। मेरी दो बड़ी बहने बिना गलती के भी मुझे लगातार मुझते पीटती रहती हैं। जब मैं उनका विरोध करती तो वो मुझे और ज्यादा तंग करती।
मैंने इस संबंध में कई बार अपने माता पिता से भी बताया लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। मैं अपनी बहनों द्वारा लगातार अपमान करने से तंग आ चुकी थी।'
मोना ने बताया कि उसने हाल ही में एक फिल्म देखी थी जिसमें एक महिला खुद को आग लगाकर एक भूत को बुला लेती है और तंग करने वालों से बदला लेती है। यह देखकर उसे भी अपनी बहनों से बदला लेने का ख्याल आया। हालांकि वह फिल्म का नाम नहीं बता सकी।
90 फीसदी झुलसने के बाद अस्पताल में दम तोड़ा
वहीं उसके परिजनों ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में तब पता चला जब कुछ राह चलते लोगों ने उनके घर से आग की लपटों को उठते देखा। हम उसे श्री कृष्णा मेडिकल कालेज में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का बहुत प्रयास किया। 90 फीसदी झुलस चुकी बच्ची ने कई घंटे तड़पने के बाद आखिर दम तोड़ दिया।
आहियापुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ चितरंजन ठाकुर ने बताया कि मामले में एक एफआईआर दर्ज कराई गई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।
मोना के पिता ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी ऐसा खतरनाक कदम उठा लेगी। मोना ने कई बार मुझसे इसकी शिकायत की थी, लेकिन बहनों के आपसी झगड़े के कारण मैंने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया।