अमित शाह ने जनसभा में लोगों से कई सवाल भी किए।
- फोटो : अमर उजाला
धारा 370 हटाने लगे तो जदयू ने किया था विरोध
गृह मंत्री ने किउल-गया रेलवे के दोहरीकरण व विद्युतीकरण, नवादा से दिल्ली के लिए ट्रेन सेवा, पावापुरी रेलखंड के सर्वे, बिहार से नवादा फोर लेन समेत अन्य कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को सुरक्षित किया। कश्मीर देश का हिस्सा है। उन्होंने नवादा वालों से पूछा- मुझे बताओ कश्मीर हमारा है या नहीं? जनसभा ने हां में जवाब दिया तो शाह ने कहा कि धारा 370 हटाने के लिए बिल लाया तो जदयू ने विरोध किया था। धारा 370 हटाकर कश्मीर को भारत से जोड़ दिया। फिर उन्होंने पूछा- धारा 370 हटनी चाहिए थी या नहीं? फिर जवाब में हां की गूंज सुनाई दी तो शाह ने कहा- अयोध्या में राम मंदिर बनाने का कांग्रेस, जदयू, राजद, टीएमसी विरोध करते थे। मैं पूछता हूं- अयोध्या में श्री राम जी का मंदिर बनना चाहिए या नहीं? तेज आवाज में जब लोगों ने इसमें भी हां कहा तो बात आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस, जदयू, राजद, ममता...सब इसका विरोध करते थे। लेकिन, मोदी जी ने एक दिन सुबह श्रीराम मंदिर का शिलान्यास कर दिया
मोदीजी ने हमारी सांस्कृतिक धरोहर के पुनर्निर्माण का रास्ता बना दिया।
बिहार में मोदीजी को जिताएंगे क्या?
उन्होंने कहा कि 2024 में हमें चालीस में चालीस सीटें जिताइए। फिर 2025 में बिहार में भी भाजपा की सरकार बनाइए। दंगा करने वालों को उल्टा कर सीधा करने का काम करेंगे। शाह ने आमजन की भीड़ से फिर सवाल किया- बिहार की चालीस में चालीस सीटें मोदी जी को देंगे क्या? हां में जवाब पर भी शाह संतुष्ट नहीं हुए। फिर कहा- मोदी जी को सुनाई नहीं पड़ा होगा, जोर से बोलिए। 2024 में मोदी जी की सरकार बनाएंगे? इस बार तेज आवाज आई, तो फिर अगला सवाल पूछा- 2025 में बिहार में भाजपा की सरकार बनाएंगे, मोदी जी को जिताएंगे? हां...हां... की गूंज सुनने के बाद उत्साहित गृह मंत्री ने लोगों से अपील की कि वह उनके साथ नारा लगाएं- भारत माता की जय, वंदे मातरम!
नवादा की जनसभा में शाह ने लोगों से कई सवाल पूछकर हां-ना में जवाब मांगा।
- फोटो : अमर उजाला
सुमो बोले- नीतीश से सरकार संभल नहीं रही
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रामनवमी में हिंसा पर कहा- “देश में ताजिया के जुलूस पर रोड़ेबाजी नहीं होती है, लेकिन रामनवमी के में टारगेट बनाकर पथराव किया जाता है।” पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा- "सासाराम-नालंदा में सुनियोजित तरीके से दंगा कराया गया है। बिहार की गद्दी पर बैठे नीतीश कुमार से सरकार नहीं संभल रही है। बिहार की स्थिति बदतर हो गई है।” पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा- "दलित महिलाओं को भाजपा ने ही जगह दी और उप मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा के द्वारा ही हमें सम्मान दिया गया और दलितों के हित में भाजपा के द्वारा बेहतरीन कार्य किया गया है।” जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा- "आज देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने हम बेटियों के लिए बेहतरीन काम किया और हर जगह बेटी अपना नाम कमा रही है। भाजपा ने हमें सम्मान दिया और भाजपा के अंदर सबसे कम उम्र की विधायक मैं आपके सामने हूं।
केंद्र से लेकर राज्य तक के दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा, जीवेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री डॉ. पूनम शर्मा, पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूर्व विधायक कन्हैया रजवार, जिला अध्यक्ष अनिल मेहता आदि ने भी अपनी बातें रखीं।