फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ease of Living: पटना में कल से और बड़ा अभियान; नए डीएम ने कब्जे पर जीरो टॉलरेंस के लिए नौ टीमें बनाईं

Tue, 30 Jun 2026 05:32 PM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पटना में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नौ टीमों का गठन किया गया है। डीएम कुंदन कुमार ने अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, पुनः अतिक्रमण करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने और शहर को जाम मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं।
 
विज्ञापन
अतिक्रमण के विरूद्ध प्रशासन की कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मंगलवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं अन्य अधिकारियों के साथ अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की 'जीरो टॉलरेंस' नीति है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


पहली जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पटना शहर में 1 जुलाई से अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, जो 31 जुलाई तक जारी रहेगा। इसके लिए नौ टीमों का गठन किया गया है। यह मल्टी-एजेंसी अभियान पटना नगर निगम के छह अंचलों- नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी के अलावा खगौल, फुलवारीशरीफ और दानापुर नगर परिषद क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा।

अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा नहीं होने देंगे
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा हर हाल में रोका जाए। आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जहां अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां बोलार्ड लगाकर बैरिकेडिंग की जाए तथा ग्रीन पार्क, बैडमिंटन कोर्ट, रिक्रिएशन जोन जैसी जनसुविधाएं विकसित की जाएं।
विज्ञापन


CCTV कैमरों से होगी निगरानी, मौके पर ही कटेगा चालान
जिलाधिकारी ने अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम से नियमित उद्घोषणा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों एवं अतिक्रमणकारियों पर मौके पर ही जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर के करीब 415 स्थानों पर 3,300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से निगरानी की जा रही है।

अतिक्रमण करने वालों पर होगी एफआईआर
डीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए। पुनः अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अतिक्रमण में इस्तेमाल सामान जब्त किए जाएंगे और आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा, ताकि दोबारा ऐसी गतिविधियां न हों। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के तहत नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाईयों को कम कर उनके जीवन को और आसान बनाने के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है। 

32 वेंडिंग जोन होंगे विकसित
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि पटना नगर निगम क्षेत्र में 32 वेंडिंग जोन प्रस्तावित हैं, जिन पर तेजी से कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी हितधारकों से समन्वय स्थापित कर आसपास के अव्यवस्थित वेंडरों को इन वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाए।

यह भी पढ़ें: फैजल खान सर की जमानत पर तारीख-दर-तारीख की वजह जानें; नामजद प्राथमिकी रद्द हो सकती है क्या?

नेहरू पथ से पटना सिटी तक रहेगा प्रशासन का फोकस
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नेहरू पथ, जेपी गंगापथ, हवाई अड्डा रोड, अशोक राजपथ, दीघा-आशियाना रोड, गांधी मैदान, सगुना मोड़-दानापुर रेलवे स्टेशन रोड, चितकोहरा, चिरैयाटांड़, रूपसपुर, दीघा बाजार, पटना सिटी तथा प्रमुख अस्पतालों के आसपास अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


'पटना को जाम और अतिक्रमण मुक्त बनाना प्राथमिकता'
डीएम कुंदन कुमार ने कहा कि पटना शहर में सुगम, सुरक्षित और जाम-मुक्त यातायात सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करने और अतिक्रमण उन्मूलन अभियान को परिणाम आधारित बनाने का निर्देश दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें