Bihar : शराबबंदी वाले बिहार में एयरपोर्ट पर दो चार्टर्ड अकाउंटेंट शराब के साथ गिरफ्तार किए गये। उनका कहना है कि वह अपने दो बच्चों के साथ घुमने के लिए नेपाल गए थे। फिलहाल पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दरभंगा एयरपोर्ट पर शराब के साथ एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह अभिषेक तुसनिवाल और अनीता तुसनिवाल हैं जो कोलकाता के रहने वाले हैं। दंपती दरभंगा के रास्ते नेपाल घूमने बाद वापस कोलकाता लौट रहे थे। इस दौरान एयरपोर्ट पर सामान चेकिंग के दौरान बैग में शराब की बोतल बरामद हुई। इस संबंध में अभिषेक तुसनिवाल ने बताया कि पीने के बाद बचे शराब के बोतल को बैग में रख लिया था और एयरपोर्ट फ्लाइट पकड़ने आ गए थे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पति पत्नी और दो बच्चों को सदर थाने के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि पेशे से दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पति पत्नी को सदर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।