बेटी को गोद में लिए तेजस्वी की मुस्कान बता रही खुशी। साथ में बच्ची की फुआ।
- फोटो : अमर उजाला
मां कात्यायनी की पूजा के दिन शुभागमन
लैंड फॉर जॉब घोटाले में पूछताछ से परेशान लालू परिवार को चैत्र नवरात्र की षष्ठी तिथि को मां कात्यायनी की पूजा के दिन पुत्री-रत्न की प्राप्ति हुई है। रोहिणी आचार्या ने तेजस्वी यादव की बेटी के शुभागमन पर कुछ लाइनें शेयर कीं-
भाई-भाभी के चेहरे पर खिली मुस्कान रहे
मेरे घर में खुशियों का सदा यूँ ही वास रहे
मन सुख के सागर में गोते भरे
पापा बनने की खुशी में
भाई तेजस्वी के चेहरे
पे ऐसी खुशियां झलके..
तेजप्रताप बोले- मां दुर्गा ने दिया आशीर्वाद
नवरात्र के इस पावन अवसर पर हमारे परिवार में नए सदस्य का आना इस बात का शुभ संकेत है कि शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा ने अपना आशीर्वाद दिया है। अब सारी परेशानियां जल्द दूर होगी। मेरे अर्जुन को पुत्री धन प्राप्ति पर ढेरो बधाई।
बेटी के साथ तेजस्वी यादव की पहली तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार भाजपा ने भी दी बधाई
इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भी तेजस्वी यादव को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया- "बिहार सरकार के उप-मुख्यमंत्री जी को पुत्री रत्न प्राप्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।" लालू यादव के दो बेटों में तेज प्रताप बड़े हैं, लेकिन उनकी शादी कायम नहीं रही। तेजस्वी राजनीतिक विरासत में आगे तो बढ़े ही। अब वह पारिवारिक विरासत में भी आगे निकल गए।
तेजस्वी की बेटी को गोद में लिए बुआ मीसा भारती।
- फोटो : अमर उजाला
2021 में हुई थी शादी
तेजस्वी यादव ने राजश्री (रेचल) से दिसंबर 2021 में शादी की थी। उस समय यह शादी काफी चर्चा में रही थी। तेजस्वी और राजश्री पहले से ही एक-दूसरे को जानते थे। दोनों स्कूल के दिनों से ही मित्र पहले दक्षिणी दिल्ली के सैनिक फार्म स्थित मीसा भारती के फार्महाउस पर दोनों की सगाई हुई। फिर यहां पर ही दोनों ने सात फेरे भी लिए। कुछ दिन पहले जब दिल्ली में ED की टीम ने राजश्री से पूछताछ की थी तो राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने इसपर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होने ट्वीट किया था, "हमने आपातकाल का काला दौर भी देखा है। हमने वह लड़ाई भी लड़ी थी। आधारहीन प्रतिशोधात्मक मामलों में आज मेरी बेटियों, नन्हें-मुन्ने नातियों और गर्भवती पुत्रवधु को भाजपाई ED ने 15 घंटों से बैठा रखा है। क्या इतने निम्नस्तर पर उतर कर बीजेपी हमसे राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगी?"