बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव बिहार बीजेपी के दिग्गज नेता सुशील मोदी के एक ट्वीट पर भड़क गए। मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि लालू और उनके परिवार पर मिट्टी घोटाले का आरोप लगाने पर मेरे रिश्तेदारों को धमकाया जा रहा है ताकि मैं उनके काले कारनामों का खुलासा न कर सकूं।
जिसके जवाब में लालू ने ट्वीट कर कहा कि रिश्तेदार बताते हो, बताओ आर.के मोदी तुम्हारा मौसा है या फूफा? रिश्तेदारी की चादर लंबी होती है मां-जाये सगे भाई को रिश्तेदार मत बताओ।
गौरतलब है कि मोदी ने लालू के परिवार पर मिट्टी घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनमें इतनी हिम्मत नहीं की वह लालू की जांच करवा सके।
मोदी ने आरोप लगाए हैं कि डिलाइट मार्केटिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बिहार में बन रहे सबसे बड़े मॉल में लालू के दोनों बेटों और बेटी चंदा यादव डायरेक्टर हैं। आरोप है कि कंपनी ने मॉल की मिट्टी को बिना टेंडर के ही 90 लाख में खरीद लिया। जिसका सीधा फायदा लालू परिवार को हुआ।
वहीं शनिवार को मोदी ने लालू परिवार पर भ्रष्टाचार का नया आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लालू परिवार ने कथित तौर पर शेल कंपनी के जरिए दिल्ली के एक पॉश इलाके में 115 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति जोड़ रखी है। उधर, राजद ने आरोपों को खारिज करते हुए मोदी को सभी आरोपों की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की चुनौती दी है।