आरएलएसपी ने पटना में आज जन आक्रोश रैली निकाली जिसपर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। आरएलएसपी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने इसे लेकर सीधे सीएम नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। कुशवाहा ने कहा कि हमारे लोगों पर नीतीश कुमार ने लाठी चलवाई है, मुझे और मेरे साथियों को भी लाठी लगी है।
जन आक्रोश रैली में उप्रेंद्र कुशवाहा भी मौजूद थे। लाठीचार्ज होते देख उन्हें किसी तरह वहां से सुरक्षित निकाला गया।
अभी हाल ही में आरएलएसपी एनडीए से अलग हुई है। कुशवाहा ने तब नीतीश कुमार पर अपमानित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि मेरा गठबंधन भाजपा से था जदयू से नहीं। उन्होंने यह भी कहा था कि नीतीश वह इंसान हैं जो दूसरों के सामने से थाली छिनने का काम करते हैं। साथ ही नीतीश पर सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाया था।
दरअसल, बिहार में कोइरी और कुर्मी का वोट करीब सात फीसदी है। कुशवाहा जब एनडीए का हिस्सा थे तो यह वोट नीतीश कुमार को जाता था। लेकिन अब कुशवाहा के अलग होने के बाद इस वोट का बंटना तय माना जा रहा है।