कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रंजीत रंजन
- फोटो : अमर उजाला
राज्यसभा सांसद और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रंजीत रंजन ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि 26 अगस्त को होने वाली वोटर अधिकार यात्रा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। इस यात्रा में बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित महागठबंधन के अन्य नेता भी भाग लेंगे। रंजीत रंजन ने कहा कि वोट के अधिकार से ही लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन जिस तरह वोट की चोरी कर लोकतंत्र पर हमला किया जा रहा है, उसके खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान के हनन और लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ आंदोलन कर रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में हुई गड़बड़ियों को भी सामने लाया गया है, लेकिन चुनाव आयोग मनमानी कर रहा है।
'पीएम सोते-जागते भी राहुल का नाम लेते हैं'
जदयू विधायक द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के जवाब में रंजीत रंजन ने कहा कि जदयू नेताओं को पहले यह तय करना चाहिए कि वे किस खेमे में हैं। “उनके नेता जिस तरह पलटते रहते हैं, उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत है। प्रधानमंत्री भी हर बार अपने भाषण की शुरुआत और अंत राहुल गांधी के नाम से करते हैं। सत्ता में 11 साल रहने के बाद भी अगर पीएम सोते-जागते राहुल का नाम लेते हैं तो यह उनकी मजबूती का सबूत है।”
पढ़ें: ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन किनारे खेत से युवक का अधजला शव बरामद, पास से पिस्टल भी मिली
विदेशी वोटरों को हटाने के पक्ष में कांग्रेस
भागलपुर में वोटर लिस्ट में पाकिस्तानी नागरिकों के नाम पाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी फर्जी और विदेशी वोटरों को हटाने के पक्ष में है। “सभी पाकिस्तानी और बांग्लादेशियों को बाहर किया जाए। लेकिन यह सब भाजपा का प्रोपोगेंडा है। राहुल जी ने यह भी दिखाया है कि कैसे एक ही पते पर कई वोटर दर्ज हैं। 18 साल से ऊपर हर वयस्क का नाम वोटर लिस्ट में होना चाहिए, लेकिन केवल भाजपा समर्थक न होने पर किसी का नाम हटाना लोकतंत्र विरोधी है।”
मांझी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के विशेष राज्य की मांग वाले बयान पर रंजीत रंजन ने कहा कि मांझी को पहले यह तय करना चाहिए कि उन्हें कितनी सीटें और कहां मिल रही हैं। “मैं उन्हें तब से जानती हूं जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। मांझी उसी पाले में रहेंगे, जहां ज्यादा सीटें मिलेंगी। ऐसे लोग राजनीति में बयानबाजी करते हैं तो पूरा बिहार उन्हें समझता है।”