मधेपुरा में जमीन विवाद को लेकर सरपंच के दो बेटों के बीच हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल छोटे बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई। लगभग 10 कट्ठा जमीन को लेकर दोनों सगे भाइयों के बीच पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था। घटना कुमारखंड प्रखंड के बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर कोड़लाही के जमुआहा वार्ड पांच गांव की है।
मृतक की पहचान और पारिवारिक जानकारी
मृतक की पहचान सरपंच विंदेश्वरी यादव के सबसे छोटे बेटे अमरेन्द्र यादव (40) के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी रीना देवी ने बताया कि उनके पति का अपने बड़े भाई अंजनी यादव से जमीन को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था।
घटना में प्रयुक्त दबिया बरामद
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने शुक्रवार को उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। लेकिन देर रात रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
रीना देवी ने पुलिस को दिए बयान में अंजनी यादव, उनकी पत्नी कंचन देवी, पुत्र अभिषेक कुमार और एक पुत्री को मुख्य आरोपी बताया है। सूचना मिलते ही कुमारखंड थाना अध्यक्ष रंजन कुमार, भतनी थाना अध्यक्ष राजीव कुमार और बेलारी थाना अध्यक्ष वरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दबिया बरामद कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पोस्टमार्टम और परिवार की स्थिति
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अमरेन्द्र यादव की शादी वर्ष 2008 में सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के खुंट गांव में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी रीना देवी, बेटी ब्यूटी कुमारी (10) और दो बेटे अंकुश कुमार (12) व अंकित कुमार (9) हैं।
मकई का पत्ता तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
करीब 12 दिन पहले बहियार में मकई का पत्ता तोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। घर लौटने पर अंजनी यादव, अमरेन्द्र यादव की पत्नी रीना देवी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी पक्ष मारपीट पर उतारू हो गया।
हमले की पूरी घटना
बीच-बचाव करने पहुंचे अमरेन्द्र यादव पर अंजनी यादव और अन्य परिजनों ने लाठी-डंडा और दबिया से हमला कर दिया। इस दौरान अमरेन्द्र यादव के सिर पर दबिया से वार किया गया। वहीं, मृतक की पत्नी पर मिर्च पाउडर भी छिड़क दिया गया।
पुलिस जांच और कार्रवाई जारी
घटना के बाद पुलिस कार्रवाई के डर से घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर ही कराया जा रहा था। बेलारी थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।