NH-107 पर ट्रक-बाइक में भीषण टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
मधेपुरा में रविवार की दोपहर भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना मधेपुरा-सहरसा एनएच 107 पर मठाही रेलवे ढाला के समीप की है। बुलेट बाइक सवार दो लोग सहरसा से मधेपुरा की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से रहे एक सीमेंट लोड ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। ट्रक पर सीमेंट लोड था। मृतक की पहचान सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चकभारो निवासी अभय सिंह (75) और फुलेंद्र सिंह (50) के रूप में हुई। रिश्ते में दोनों चाचा-भतीजा हैं।
पुलिस ने दोनों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची मठाही ओपी पुलिस और डायल 112 की गाड़ी दोनों को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के लगभग दो घंटा के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अभय सिंह और फुलेंद्र सिंह दोनों रविवार को अपने गांव चकभारो से मधेपुरा जिले के पामा गांव रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। ट्रक झारखंड नंबर का है। जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH12D 9705 है।
ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार
घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर कर फरार हो गया। मठाही ओपी प्रभारी मितेंद्र प्रसाद ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल लाया गया है। ट्रक और बाइक को जप्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।