बिहार के सहरसा जिले में तेज रफ्तार का एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। सलखुआ थाना क्षेत्र में एक अज्ञात बाइक सवार ने 38 वर्षीय महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार फरार हो गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के कोपरिया पंचायत स्थित हनसारी वार्ड नंबर 6 निवासी भूपेंद्र यादव की पत्नी सोनी देवी (38) के रूप में हुई है। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोनी देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं—एक 10 साल की बेटी और 9 साल का बेटा। दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पति भूपेंद्र यादव मजदूरी के लिए मध्य प्रदेश के उज्जैन में रहते हैं।
चारा लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतका के भतीजे दीपक कुमार के अनुसार, सोमवार को सोनी देवी मवेशियों के लिए चारा लाने खेत गई थीं। जब वह सिर पर घास का गट्ठर लेकर पैदल घर लौट रही थीं, तभी सलखुआ थाना क्षेत्र के हथड़ा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश करते, उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।