मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय कैलाश राय की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक अपनी अविवाहित बेटी के प्रेम संबंध का विरोध कर रहे थे। इसी वजह से बेटी के प्रेमी राकेश कुमार उर्फ रकवा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मधेपुरा के चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगान में 70 वर्षीय कैलाश राय की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के पीछे उनकी अविवाहित बेटी के प्रेम संबंध का विरोध मुख्य वजह बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसआईटी जांच में खुला हत्याकांड का राज
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि 20 जून की रात लौआलगान पूर्वी स्थित गौशाला रोड पर बासा के मचान पर सो रहे कैलाश राय की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी भदरी देवी उर्फ प्रमिला देवी के फर्दबयान पर चौसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर चौसा गौशाला चौक निवासी मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ रकवा (27) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पूछताछ में राकेश कुमार ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका मृतक की अविवाहित बेटी जूली कुमारी से प्रेम संबंध था। इस संबंध का कैलाश राय और उनके परिजन लगातार विरोध कर रहे थे। इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर दो और गिरफ्तार
राकेश की निशानदेही पर पुलिस ने गौशाला चौक निवासी इंदल मंडल तथा लौआलगान निवासी संजीव कुमार उर्फ राजीव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि राकेश ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमिका के पिता की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश कुमार उर्फ रकवा के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:
ड्राइविंग लाइसेंस के नियम में बड़ा बदलाव; अब बिना ट्रेनिंग सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा LMV लाइसेंस
घटना के वक्त घर में मौजूद थे परिजन
मृतक कैलाश राय के छह बेटे और एक बेटी हैं। इनमें तीन बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बेटे और बेटी जूली कुमारी अविवाहित हैं। घटना के समय कैलाश राय बासा के मचान पर सो रहे थे, जबकि घर में उनकी पत्नी, बेटा लक्ष्मण राय और बेटी मौजूद थे। छापेमारी टीम में चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, डीआईयू, एसटीएफ तथा चौसा थाना पुलिस के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।