सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर दुर्गापुर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। बाजार से घर लौटते वक्त युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल युवक ने शुक्रवार को सहरसा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के पंचगछिया (वार्ड नंबर 3) निवासी स्वर्गीय लक्ष्मण महतो के 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राकेश घर से दुर्गापुर की ओर बाजार करने के लिए निकला था। बाजार से वापस लौटने के दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल राकेश को आनन-फानन में सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सहरसा के ही एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक साल की है दूधमुंही बेटी
राकेश गांव में ही मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार, महज दो साल पहले ही राकेश की शादी हुई थी और उसकी एक साल की दूधमुंही बेटी भी है। राकेश की मौत से पत्नी और मासूम बेटी के सिर से हमेशा के लिए उसका साया उठ गया है। घटना के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।