बिहार के मधेपुरा जिले में मंगलवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन किशोर शामिल हैं। पहला हादसा रात करीब पौने 9 बजे बिहारीगंज बायपास रोड स्थित एसएच-58 पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोरों की मौत हो गई। तीनों एक ही परिवार से जुड़े थे। हादसे में दो किशोरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक साथ तीन किशोरों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतकों की पहचान बिहारीगंज प्रखंड की गमैल पंचायत के गोरपार वार्ड-14 निवासी मो. सुल्तान के पुत्र मो. जमशेद (14), मो. सत्तार के पुत्र मो. खुशो (15) और सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के देहदर निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. आफताब (16) के रूप में हुई है। जमशेद और खुशो चचेरे भाई थे, जबकि आफताब उनका फुफेरा भाई था।
बताया गया कि तीनों किशोर खाना खाने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर सरौनी कला में आयोजित काली पूजा का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान बिहारीगंज बायपास रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीसरे किशोर को पुलिस और प्रशासन की मदद से बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष लव कुश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।
वहीं, इससे पहले मंगलवार शाम करीब 5 बजे भर्राही थाना क्षेत्र के मानिकपुर ओवरब्रिज के पास सीएनजी ऑटो और दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। जिले में एक ही दिन हुए दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत और 13 लोगों के घायल होने से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।