मधेपुरा में गुरुवार को सड़क हादसे में पटना के एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के सहरसा-मधेपुरा एनएच-107 पर चकला चौक के पास सुबह लगभग 11 बजे हुई। मृतक की पहचान पटना के सम्मतपुर निवासी जुगल सिंह के बेटे प्रमोद कुमार सिंह (45) के रूप में हुई।
घटना उस समय हुई जब प्रमोद कुमार सिंह दो अन्य चालकों के साथ पटना से तीन नए ट्रैक्टर मधेपुरा एजेंसी में डिलीवरी के लिए आ रहे थे। चकला चौक के पास ईंट भट्ठा के निकट तीनों चालक अपने ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा कर पेशाब करने गए थे। एक चालक पेशाब करने के बाद ट्रैक्टर लेकर आगे बढ़ गया। दो चालक ट्रैक्टर पर चढ़ रहे थे, तभी सहरसा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में प्रमोद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक घायल हो गया। तीसरे चालक ने स्थानीय लोगों के साथ तुरंत ई-रिक्शा की मदद से दोनों को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रमोद कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजन मधेपुरा नहीं पहुंचे थे। तीनों ट्रैक्टर को ईंट भट्ठा के पास रखा गया है।