सहरसा में आयोजित पुलिस सप्ताह के अंतर्गत पुलिस केंद्र में एक भव्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन पुलिस उपमहानिरीक्षक कोशी क्षेत्र के निर्देशन में किया गया। इसमें सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों के डीएम, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस टूर्नामेंट में चार पुरुष टीमों बेगूसराय, सारण, सहरसा और कोशी रेंज की पुलिस ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में बेगूसराय ने छपरा को 3-2 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग में भी बेगूसराय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना को पराजित किया और विजेता बनी। इसके बाद विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ 25 फरवरी को हुए क्रिकेट मैच की विजेता तथा उपविजेता टीमों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रेरणादायक बातें कहीं। उन्होंने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देता है।
इस अवसर पर सहरसा डीएम कौशल कुमार, एसपी हिमांशु, मधेपुरा डीएम और एसपी, सुपौल डीएम और एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ऑपरेशन मुस्कान: साढ़े पांच लाख के मोबाइल वास्तविक धारकों को सौंपे गए पुलिस सप्ताह के अंतर्गत 'ऑपरेशन मुस्कान' अभियान भी चलाया गया। इसके तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए गए। गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि 16 अगस्त 2024 को ऑपरेशन मुस्कान फेज-01 के अंतर्गत 70 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये थी। इसी तरह दो नवंबर 2024 को फेज-02 के तहत 42 मोबाइल फोन लौटाए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये थी।
वहीं, 27 फरवरी 2025 को ऑपरेशन मुस्कान फेज-03 के अंतर्गत 40 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत साढ़े पांच लाख रुपये है। ये सभी मोबाइल पुलिस केंद्र सहरसा में आयोजित कार्यक्रम में उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए। इस अभियान से जिले के नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
जिले के उत्कृष्ट पुलिसकर्मी हुए सम्मानित पुलिस सप्ताह के तहत जिले में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। थाना स्तर पर उत्कृष्ट कांड निष्पादन करने वाले सब-इंस्पेक्टर प्रीति कुमारी, राकेश कुमार सिंह, रोशन कुमार, पूनम कुमारी, प्रीति कुमारी (द्वितीय), बजरंगी कुमार, वरुण कुमार शर्मा और मदन पंडित को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा यातायात प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए परिचारी व्यास कुमार, सब-इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार, दिलीप कुमार, सिपाही सुधीर कुमार, अजय कुमार, विपिन कुमार, शंभू पासवान, भावेश कुमार, दीपक कुमार, महाकांत पाठक, प्रभाकर झा, सिकंदर कुमार, अजय देव, जनार्दन राम और सुधीर कुमार को भी सम्मानित किया गया। डीआईजी और एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर इन पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाया।