चोरी के बाद परेशान घर के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
मधेपुरा के सदर थाना क्षेत्र के आनंद विहार मुहल्ले में जल संसाधन विभाग के रिटायर कैशियर ब्रह्मदेव यादव के घर में चोरों ने लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में कैशियर की पुत्रवधू पीड़िता शारदा ने सदर थाना में आवेदन देकर सामान बरामदगी की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार वह 2 जनवरी को रात करीब आठ बजे अपने घर के सभी दरवाजों में ताला लगाकर अपने पुत्र निकुंज वैभव को स्कूल छोड़ने के लिए सिलीगुड़ी गई थी।
इसके बाद दो दिन बाद जब वह घर लौटीं, तो आंगन के रास्ते लगे गेट की कुंडी टूटी हुई मिली और गेट सटा हुआ था। जब वह घर के अंदर गई तो देखा कि सभी कमरों का सामान नीचे बिखरा पड़ा है। चोरों ने घर में रखे गोदरेज, बक्सा, ट्रंक और ट्रॉली के ताले तोड़कर सारा सामान इधर-उधर फेंक दिया था। गोदरेज से सोने की एक चेन, एक मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी झुमका, एक सोने का मांग टीका, एक जोड़ी सोने के कंगन, एक जोड़ी चांदी की पायल, शादी में मिली चांदी की थाली व एक चांदी का गिलास सहित लगभग 73 हजार रुपये नकदी चोरी कर लिए गए।
यह भी पढ़ें- Bihar News: कक्षा में डकार लेने पर शिक्षक ने 9वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने अपने पड़ोसियों और किरायेदार को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए वीडियो और फोटोग्राफी की। पुलिस ने पीड़िता को थाना में आवेदन देने की सलाह दी। पीड़िता का कहना है कि अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
उन्होंने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सदर थाना अध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि चोरी में शामिल चोरों को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की जा रही है। बरता बुक की 30 नवंबर की रात मधेपुरा शहर के प्रोफेसर कॉलोनी में चोरों ने एक रिटायर अधिकारी के घर में 20 लाख से अधिक की चोरी की घटना को अंजाम दिया था, लेकिन अब तक घटना का खुलासा नहीं हो पाया है।