सुपौल में जिला मुख्यालय के झखराही रामटोल वार्ड 27 स्थित एक बांस बाड़ी में एक पेड़ से लटका 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ है। शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
वहीं, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 26 निवासी दिनेशराम के पुत्र अंशु कुमार राम के रूप में हुई है। इधर, मृतक के पिता ने मृतक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि अंशु अपने दोस्तों के साथ बुधवार की शाम घर से निकला था, जिसके बाद रात में घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा रात में उसकी काफी खोजबीन भी की गई। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि घर से करीब 100 मीटर दूर एक बांस बाड़ी में बबुल के पेड़ से उसका शव लटका हुआ था। लोगों द्वारा इसकी सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों में मातम पसर गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने शव को उतार कर घर लाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
एक दिन पहले दोस्त ने मारने की दी थी धमकी
घटना को लेकर मृतक के पिता ने बताया कि मंगलवार की रात अंशु का मित्र मिथुन मेरे भतीजा पवन के साथ शराब पीकर मेरे घर आया और दरवाजे पर हंगामा करने लगा। मैंने कारण पूछा तो बोला कि तुम्हारे बेटे को गोली खिला कर मार देंगे। मुझे लगा कि दोनों नशे में है। शायद किसी बात को लेकर दोस्तों में अनबन हुई होगी, इसीलिए गुस्सा है।
हालांकि, कुछ देर बाद दोनों वहां से निकल गए। इसके कुछ देर के बाद मेरा बेटा भी घर से निकल गया। उसने किसी को नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है। बुधवार की सुबह में वह वापस घर लौटा। पूछने पर बताया कि दोस्तों के साथ सहरसा गया था। दिन में वह घर में ही था। वही बुधवार की शाम में फिर दोस्तों के साथ निकल गया। गुरुवार की सुबह उसका शव बरामद हुआ। मृतक के पिता ने घटना में मिथुन के अलावा उसके अन्य साथी रंजित और प्रिंस के साथ होने की आशंका जताई है।
मजदूरी के लिए आज प्रदेश जाने वाला था अंशू
परिजनों ने बताया कि 03 भाइयों में सबसे छोटा अंशु घर में रह कर केटरर का काम करता था। लेकिन कुछ दिन पहले उसका काम छूट गया था। वह बाहर जाने की तैयारी में था। इसके लिए बुधवार को उसने अपने कपड़े पैक कर लिए थे, गुरुवार को वह निकलने वाला था।
स्थानीय लोग बोले, नशे का आदी था मृतक
इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। वह अपने दोस्तों के साथ मिलकर सुलेशन का नशा करता था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार उसे नशा करते हुए देखा जा चुका है। वहीं, इस बाबत सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि घटना के संदर्भ में परिजनों की ओर से फिलहाल कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।