ग्रामीणों से बातचीत करते पीएचईडी मंत्री।
सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड के हृदयनगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में सोमवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सोमवार की सुबह जब मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ था। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। पूजा के लिए रखा कलश टूटा हुआ था और मूर्ति के गले से चांदी की माला गायब थी।
सूचना मिलते ही लोग बड़ी संख्या में मंदिर में एकत्र होने लगे। बगल के कक्ष में स्थित अष्टयाम मंडप में भगवान की तस्वीरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना की सूचना मिलने पर बीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अनुप्रिया, बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा समेत प्रशासनिक अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
देर रात पहुंचे मंत्री ग्रामीणों से ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू भी मंगलवार की देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर का जायजा लिया और ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिसके बाद अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपराधी पाताल लोक में छिपे हों तो वहां से भी ढूंढ कर निकलें। ऐसा कृत्य हिंदू धर्म पर हमला है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों से बातचीत करते पीएचईडी मंत्री।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल
इधर, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वही प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढा दी गई है और मामले की जांच जारी है।