सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत झिल्लाडुमरी पंचायत से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। मामले में भपटियाही थाना पुलिस ने झिल्लाडुमरी पंचायत के सदानंदपुर वार्ड 01 निवासी मृतका के भाई को गिरफ्तार किया है। हत्या की यह वारदात करीब डेढ़ साल पहले की है। रविवार को पुलिस ने इसका खुलासा किया है।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar News: 'करीबी' ने अस्पताल संचालिका पर सात गोलियां दागीं, मौत के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले खून साफ
झाड़ी से बरामद हुआ था नाबालिग का शव
भपटियाही थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि 01 नवंबर 2023 को लौकहा पंचायत के बैसा गांव में एक झाड़ी से एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। हालांकि ग्रामीणों ने मृतका की पहचान से इंकार कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने एक एएसआई के फर्द बयान पर भपटियाही थाना कांड संख्या 178/23 दर्ज किया। बरामदगी के समय शव से काफी दुर्गंध आ रहा था। जबकि मृतका के चेहरे पर जख्म के निशान थे। पुलिस ने मृतका के पास से एक कीपैड मोबाइल बरामद किया था। जिसके बाद शव का भागलपुर से पोस्टमार्टम कराते हुए जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के बड़े भाई अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया है। उसने पुलिस के समक्ष हत्या की बात स्वीकारी है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
शव बरामदगी के तीन दिन बाद परिजनों ने की पहचान, थाना में नहीं दिया आवेदन
इधर, शव बरामदगी के बाद पुलिस हत्या की जांच पड़ताल में जुट गई। लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो पा रही थी। प्राथमिकी दर्ज होने के तीन दिनों के बाद मृतका की पहचान सदानंदपुर निवासी अरुण मेहता की 17 वर्षीय पुत्री निशा भारती के हुई। हालांकि मामले में पुलिस के समक्ष कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। निशा तीन भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थी। जबकि उसके पिता पेशे से शिक्षक हैं।
यह खबर भी पढ़ें - Bihar: चिराग ने जमीयत उलेमा-ए-हिंद से पूछा- राजद ने मुसलमानों के लिए क्या किया, यह सवाल क्यों नहीं उठा रहे?
भाई ने इस वजह से कर दी थी हत्या
इधर, पुलिस मृतका के बरामद मोबाइल को खंगालने में जुटी थी। इस दौरान प्रेम प्रसंग में हत्या के बिंदु पर भी जांच हुई। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच में स्पष्ट हो गया कि हत्या मृतका निशा के भाई अविनाश ने ही की है। भपटियाही थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि शनिवार की रात अविनाश को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने निशा को किसी युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसी वजह से उसने निशा की हत्या की। वही बाद में उसके शव को घर से करीब 500 मीटर दूर एक झाड़ी में फेंक दिया।
अन्य लोगों के संलिप्तता की भी हो रही जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या मामले जांच अभी जारी है। मुख्य हत्यारा अविनाश मृतका का सगा भाई है और बेरोजगार है। उसके पिता सरकारी शिक्षक हैं। मामले में अन्य कुछ लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। पुलिस इसकी भी पड़ताल में जुटी है। जल्द ही इसका भी खुलासा कर लिया जाएगा।
हत्यारोपी अविनाश (फाइल फोटो)।
हत्यारोपी अविनाश (फाइल फोटो)।