बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव भवानीपुर और जोगबनी के बीच एक गेहूं के खेत में बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
चाकू गोद कर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला की बेरहमी से चाकू से गोदकर हत्या की गई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और करने के बाद पहचान छिपाने के मकसद से शव को खेत में फेंक दिया गया। घटनास्थल पर कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे मृतका की शिनाख्त में कठिनाई हो रही है। सिंहेश्वर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया कि महिला की पहचान के लिए जिले के अन्य थानों को भी सूचना भेजी गई है। इसके तहत गम्हरिया, पिपरा और शंकरपुर थाना क्षेत्रों में गुमशुदा महिलाओं की रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है।
जांच के लिए विशेष टीम का गठन
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि कोई अहम सुराग हाथ लग सके। पुलिस ने यह भी आशंका जताई है कि मामला प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।इस जघन्य हत्या से इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस हत्या से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वे तुरंत थाना को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।