Bihar: बिहार के सहरसा जिले में तड़के सुबह ट्रेन पकड़ने जा रहे एक परिवार को हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने ई-रिक्शा रोककर करीब 4 लाख रुपये के सोने के गहने, नकदी और मोबाइल लूट लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बेखौफ अपराधियों ने तड़के सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना क्षेत्र के कहरा कुटी के पास हथियारबंद बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर उसमें सवार यात्रियों से लाखों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में सहरसा सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन
हैदराबाद जाने के लिए निकले थे पीड़ित
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सूरज कुमार (25 वर्ष) सहरसा नगर निगम के शिकायत एवं समाधान कार्यालय में कार्यरत हैं और बनगांव थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड नंबर-7 के निवासी हैं। मंगलवार सुबह वह अपनी बहन सरिता देवी, बहनोई दिलीप मिश्रा, भांजे कृष्ण कुमार और ई-रिक्शा चालक अभिषेक कुमार के साथ सहरसा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। सूरज को अपनी बहन और बहनोई को हैदराबाद जाने वाली कोसी एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाना था।
पिस्तौल दिखाकर रोक लिया ई-रिक्शा
पीड़ित ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे जैसे ही उनका ई-रिक्शा कहरा कुटी के पास पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधी वहां आ धमके। अपराधियों ने हथियार के बल पर ई-रिक्शा को जबरन रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने सूरज के गले से सोने की हनुमान वाली चकती, उनके बहनोई के गले से सोने की चेन और बहन व भांजे के गले से भी सोने के आभूषण छीन लिए।
विज्ञापन
नकदी और मोबाइल भी लूट ले गए बदमाश
इतना ही नहीं, अपराधियों ने पीड़ितों से 7 हजार रुपये नकद और ई-रिक्शा चालक का मोबाइल फोन भी लूट लिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, छीने गए सोने के आभूषणों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मंगलवार दोपहर बाद सहरसा सदर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत की। सहरसा सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि लूट की इस घटना का संज्ञान लिया गया है। पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।