Saharsa News: बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सलखुआ थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ है। सबसे दुखद बात यह है कि शनिवार को मृतक युवक का तिलक होना था, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद शादी वाले घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई।
पंजाब से शादी करने गांव लौटा था, खुशियां मातम में बदलीं
मृतक साजन कुमार चौधरी के परिजनों ने बताया कि वह पंजाब में मजदूरी करता था। करीब दो महीने पहले ही वह शादी के लिए अपने गांव लौटा था। परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और शनिवार को उसका तिलक समारोह तय था। पूरे घर में मेहमान जुटे हुए थे और उत्सव का माहौल था, लेकिन इस खौफनाक वारदात ने पलभर में सारी खुशियां छीन लीं।
रात में टहलने निकला, सुबह रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव
मृतक के बड़े भाई करण चौधरी के अनुसार, गुरुवार रात साजन घर पर खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे लाइन की ओर गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उसकी पहचान साजन कुमार चौधरी के रूप में की।
सिर और हाथ पर मिले तेजधार हथियार के गहरे जख्म
भाई करण चौधरी ने पुलिस को बताया कि साजन की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसकी हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। शव पर सिर और हाथ में तेजधार हथियार और चाकू के गहरे जख्म मिले हैं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
'हर पहलू से हो रही जांच'
घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।