बिहार के सहरसा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बनगांव थाना क्षेत्र के पड़री नंबर-7 गांव निवासी युवक भोज कार्यक्रम से बाइक से घर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
बिहार के सहरसा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
भोज खाकर घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बनगांव थाना क्षेत्र के पड़री नंबर-7 निवासी भगवानजी राम के 18 वर्षीय बेटे कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। कृष्णा रविवार (8 मार्च) की देर शाम गांव में ही आयोजित एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां से वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के स्कूल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कृष्णा सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हारा कृष्णा
सड़क पर खून से लथपथ पड़े कृष्णा को देख आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। दो दिनों तक अस्पताल में उसकी सांसों का संघर्ष चलता रहा, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
एक साल पहले ही हुई थी शादी, उजड़ गया सुहाग
ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णा की शादी महज एक साल पहले ही हुई थी। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से जहां पत्नी का सुहाग उजड़ गया है, वहीं माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे पड़री गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्या कहती है पुलिस?
इस पूरे मामले को लेकर बनगांव थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी अब मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।