कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर करने पर सियासत गरमा गई है। रोहिणी आचार्य ने इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया दी है। इतना ही नहीं उन्होंने इस पुल का नाम अपने पिता के नाम पर करने की मांग की है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बिहार में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ किए जाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए पुल का नाम ‘सामाजिक न्याय सेतु’ रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो पुल का नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाना चाहिए।
विज्ञापन
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर सरकार के नामकरण के फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने लिखा कि राघोपुर दियारा क्षेत्र के समग्र विकास और इस इलाके को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लालू प्रसाद यादव ने लगातार गंभीर और सार्थक प्रयास किए थे। उनके मुताबिक, पुल के निर्माण की नींव मजबूत करने में लालू प्रसाद यादव की भूमिका रही है।
‘निर्माण का श्रेय दूसरों के नाम करना अफसोसजनक’
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में कहा कि ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय दूसरों के नाम किए जाने का फैसला अफसोसजनक है। उन्होंने इसे राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश से जोड़ते हुए कहा कि केवल राजनीतिक फायदे के लिए नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने लिखा कि राघोपुर की जनता चाहती है कि पुल का नाम या तो ‘सामाजिक न्याय सेतु’ हो या फिर लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने पुल के निर्माण के फैसले की नींव मजबूत की थी। ऐसे में नामकरण के फैसले पर सवाल उठाना लाजिमी है। रोहिणी आचार्य के इस बयान के बाद राघोपुर पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं।
विज्ञापन
एक दिन पहले सीएम सम्राट चौधरी ने की थी घोषणा
दरअसल, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राघोपुर-बिदुपुर पुल का शुभारंभ करने के लिए बिहार दौरे पर आ रहे हैं। उससे पहले 13 नवंबर को सीएम सम्राट चौधरी ने इस पुल का नाम नीतीश सेतु करने का एलान किया था। उन्होंने कहा कि अब इस पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किया गया है। पीएम मोदी 21 नवंबर को इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
नीतीश कुमार ने कहा था- सपना साकार हो गई
नीतीश कुमार जब मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने इस पुल की बुनियाद रखी थी। वह बार-बार इस पुल का निरीक्षण करने आते थे। पिछले साल 23 जून को जब इस छह लेन के ब्रिज का काम पूरा हुआ और इस पर गाड़ियों का परिचालन शुरू हुआ तो तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि आजादी के 76 साल बाद राघोपुर दियारा का इलाका राजधानी पटना से सीधे कनेक्ट हो गया है। तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि अत्यंत खुशी हो रही है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से राघोपुर की सम्पर्कता का लोकार्पण किया दिया गया। इस छह लेन गंगा पुल के निर्माण के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे थे। मैंने निर्माणाधीन कार्य का नियमित निरीक्षण कर पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। संतोष की बात है कि अब यह सपना साकार हो गया।