फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गठबंधन में पर्याप्त सीट नहीं मिलीं तो लोकसभा चुनाव का करेंगे बहिष्कार : मांझी

Wed, 26 Dec 2018 07:45 PM IST
आसिम खान भाषा, पटना
विज्ञापन
जीतनराम मांझी - फोटो : aao bihar
विज्ञापन

बिहार में विपक्ष के महागठबंधन के घटक दल हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) ने बुधवार को धमकी दी कि यदि उसे पर्याप्त सीटें नहीं मिली, तो वह अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाले ‘हम’ के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल ने महागठबंधन में सीट बंटवारा समझौता के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में यह कहा। 

विज्ञापन


पूर्व मंत्री पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि हर पार्टी को अपने लिए सर्वश्रेष्ठ सौदेबाजी करने का अधिकार है और जहां तक हमारी बात है हम सड़क पर खड़े हैं। जो लोग मुकम्मल मकानों में रह रहे हैं उन्हें एक उचित आकलन करना चाहिए, अन्यथा वे भी सड़क पर आ जाएंगे। 

मांझी नीत पार्टी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि उसे पर्याप्त संख्या में सीटें नहीं मिली तो वह चुनावों में भाग नहीं लेगी। दरअसल, उनसे (पटेल से) यह पूछा गया था कि पार्टी कितनी संख्या में सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। उल्लेखनीय है कि मांझी ने कुछ महीने पहले यह दावा किया था कि उनकी पार्टी राज्य में 20 लोकसभा सीटों पर बेहतरीन प्रदर्शन करने की स्थिति में है। राज्य में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। 
विज्ञापन


उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि वह इतनी सीटों के लिए जोर नहीं दे रहे हैं और इसके बजाय जिन स्थानों पर पार्टी की अच्छी मौजूदगी है वह गठबंधन सहयोगियों को जीत हासिल करने में मदद करेगी। गौरतलब है कि मांझी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और जदयू छोड़ने के बाद हम का गठन किया था। 

मांझी ने इस साल फरवरी में भाजपा नीत राजग छोड़ दिया और महागठबंधन में शामिल हो गए। बहरहाल, लोकसभा चुनाव के लिए महागठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा होनी अभी बाकी है। इसमें कांग्रेस, राजद, हम, रालोसपा और शरद यादव नीत लोकतांत्रिक जनता दल सहित कुछ अन्य दल शामिल हैं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें