गठबंधन टूटने के बाद से दोनों दल एक दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। पिछले माह नीतीश कुमार ने भाजपा व एनडीए छोड़कर राजद का दामन थाम लिया और महागठबंधन के साथ नई सरकार बना ली है।
बिहार में पिछले माह सत्तारूढ़ गठबंधन पलट के बाद जदयू और भाजपा नेताओं के बीच जबर्दस्त जुबानी जंग चल रही है। नेताओं पर तीखे हमलों के साथ ही पार्टी के नामों को लेकर भी वार-पलटवार चल रहे हैं। जदयू संसदीय दल के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाह ने भाजपा का मतलब 'भष्ट्र जन पार्टी' बताते हुए आरोप लगाया है। वहीं, भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह ने जेडीयू का मतलब 'जालसाज, दगाबाज, उचक्का' पार्टी बताया।
मणिपुर में नीतीश को बड़ा झटका, पांच विधायक भाजपा में शामिल
उधर, मणिपुर में बिहार के सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को बड़ा झटका लगा है। यहां जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के पांच विधायक शुक्रवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। मणिपुर विधानसभा के सचिव के मेघजीत सिंह द्वारा जारी एक बयान में कहा कि मणिपुर में जदयू के पांच विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। जदयू ने इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में 38 में से छह सीटों पर जीत हासिल की थी।
भाजपा मणिपुर ने ट्विटर पर एक पत्र जारी किया है, जिसमें भाजपा में शामिल होने वाले जदयू विधायकों के नाम हैं। भाजपा में शामिल होने वाले विधायको में केएच जॉयकिशन, एन सनाते, मोहम्मद अछबउद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक ए एम खाउटे और थांगजाम अरूणकुमार शामिल हैं।
मैं पीएम पद की दौड़ में नहीं : नीतीश
इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘भ्रष्ट लोगों को बचाने के लिए ध्रुवीकरण’ के तंज को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर शुक्रवार को निशाना साधा। कहा, वह क्या बोलते हैं, मैं इस पर ध्यान नहीं देता। साथ ही कहा कि वह पीएम पद की दौड़ में नहीं हैं। मोदी के बयान के संदर्भ में उन्होंने याद दिलाया कि वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के शासनकाल के दौरान केंद्र में थे।
भाजपा के साथ गठबंधन टूटने के बाद नीतीश के राष्ट्रीय राजनीति में आने की चर्चा की जा रही है, लेकिन उन्होंने फिर कहा कि मैं पीएम पद की दौड़ में नहीं हैं। जदयू के मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए केंद्र की राजनीति में भूमिका निभाने संबंधी सवालों के जवाब में नीतीश ने कहा, छोड़िए ये सब बात। वहीं, पार्टी मुख्यालय पर लगे बड़े-बड़े पोस्टरों में से कुछ पर लिखा है ‘प्रदेश में दिखा, देश में दिखेगा।’ इनके कई अर्थ निकाले जा रहे हैं।