सड़क जाम कर परिजनों को मुआवजे देने की मांग करते गुस्साए ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के समैला-झझरा मार्ग पर बहोरवा गांव में स्कूल वैन ने एक बच्चे को रौंद दिया। इस हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, घटना के बाद चालक वैन लेकर फरार हो गया। मृतक बच्चे की पहचान बहोरवा गांव निवासी अनुप पंडित के बेटे अक्षय पंडित (3) के रूप में हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। उसमें देखा कि स्कूल वैन बच्चे को कुचल कर भाग रही है। उसके बाद गुस्साए स्थानीय लोग सड़क जाम कर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करवाया। फिर बाधित यातायात को दोबारा शुरू करवाया।
जानकारी के मुताबिक, बहोरवा गांव निवासी अनुप पंडित का बेटा अक्षय पंडित सड़क के किनारे शौच कर रहा था। इसी दौरान समौला चौक से झझरा की ओर तेज रफ्तार से जा रही स्कूल वैन अक्षय को रौंदते हुए भाग निकली। कुछ देर के बाद वही वैन दो स्कूली बच्चों को लेकर वापस लौटी। तब तक सड़क किनारे एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई। उसमें उक्त स्कूल वैन को बच्चे को स्पष्ट रूप से रौंदते हुए देखा गया। उसके बाद ग्रामीणों ने घेर कर चालक से पूछताछ की।
साथ ही स्कूल वैन को गौर से देखने पर उस पर कई जगह खून के छींटे मिले। खून के छींटे देखते ही ग्रामीण भड़क गए और चालक को पकड़ कर बंधक बना लिया। साथ ही स्कूल वैन को भी जब्त कर लिया। उसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने समौला झझरा मार्ग को बहोरवा में बांस-बल्लों से घेर कर यातायात ठप कर दिया। उसके बाद वे परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम छाया हुआ है। बच्चे की मां बिन्दुल देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।