चमकी बुखार के लिए बना वार्ड
- फोटो : अमर उजाला
बच्चों पर भी बढ़ा चमकी बुखार यानी एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम का खतरा
आज सुबह से हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी है, लेकिन अब तक की भीषण गर्मी के बीच बच्चों पर मंडराते चमकी बुखार यानी एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्य स्वास्थ्य समिति ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने और मरीजों के तुरंत इलाज के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, दुनिया के कुछ देशों में पैर पसार रहे इबोला वायरस को लेकर भी राज्य में एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : बिहार के सभी प्रखंडों में खुलेंगे मॉडल स्कूल, वीर सावरकर पर रिसर्च कराएगी सरकार; सीएम ने की घोषणा
स्वास्थ्य विभाग की इन जिलों पर है खास नजर
हर साल गर्मियों के मौसम में बच्चों को निशाना बनाने वाले चमकी बुखार से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर समेत कई संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News: अकेलेपन का दर्दनाक अंत, पत्नी से तलाक के बाद बंद कमरे में मिला युवक का शव
चमकी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
पटना के सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि पीएमसीएच और एनएमसीएच समेत सभी प्रमुख अस्पतालों में विशेष तैयारी है। चमकी से प्रभावित 15 जिलों में 10-10 बेड के विशेष पीकु वार्ड तैयार किए गए हैं। साथ ही सभी जिला अस्पतालों में 5-5 बेड और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 2-2 बेड सुरक्षित रखने के निर्देश हैं। बिहार स्वास्थ्य समिति का कहना है कि मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में 100 बेड वाला अत्याधुनिक वार्ड की व्यवस्था की गई है।
अभिभावक क्या करें और क्या न करें ?
पटना के सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने आमलोगों से अपील करते हुए कहा कि चमकी बुखार यानी एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम के खतरे को देखते हुए बच्चों को तेज धूप और लू से बचाएं। रात में बच्चों को कभी भी भूखा न सुलाएं। दिनभर में पर्याप्त पानी, नींबू पानी या ओआरएस का घोल देते रहें। यदि बच्चे में तेज बुखार, बेहोशी, शरीर में ऐंठन यानी चमकी या सुस्ती दिखे, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाएं।