बिहार के दरभंगा के लक्ष्मी सागर स्थित मध्य विद्यालय लक्ष्मी सागर की प्रधानाध्यापिका पुष्पा कुमारी राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुनी गई हैं। उन्हें शिक्षक दिवस के मौके पर सम्मानित किया जाएगा। इससे नगर सहित पूरे जिला के शिक्षक-शिक्षिकाओं में हर्ष का माहौल है।
दरअसल, पुष्पा कुमारी राज्य सरकार की ओर से राज्य के 20 चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं में से एक हैं, जिन्हें राजकीय शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। नगर के मध्य विद्यालय लक्ष्मी सागर में प्रधानाध्यापिका के पद को सुशोभित कर रहीं पुष्पा कुमारी सिंघवारा प्रखंड के कली गांव निवासी एमएलएसएम कॉलेज में कार्यरत प्रो. अनिल कुमार झा की धर्मपत्नी हैं। पुष्पा मैथिली विषय से स्नातकोत्तर एवं प्रशिक्षित हैं। विद्यालय के प्रति उनकी निष्ठा अटूट रही है और समय से विद्यालय पहुंचना तथा विद्यालय में पूरे समय तक बच्चों को पढ़ाना इनका प्रथम धर्म रहा है।
27 अप्रैल 1985 को मध्य विद्यालय कली गांव सिंघवारा में अपना प्रथम योगदान देने के बाद नगर के मध्य विद्यालय बेंता बालक, केवटी प्रखंड के मध्य विद्यालय शाहपुर डीह और अद्यतन मध्य विद्यालय लक्ष्मी सागर में पदस्थापित हैं। वर्ष 2021 में इन्हें मिथिला रत्न से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं, वर्ष 2011 में तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर सिंह की ओर से इनकी बेहतर सेवा को लेकर प्रशस्ति पत्र देकर शिक्षक दिवस के अवसर पर पुष्पा को सम्मानित किया जा चुका है। राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन होने पर आह्लादित पुष्पा ने शिक्षक समुदाय से यही अपील की है कि वे केवल और केवल अपने स्कूल के छात्र-छात्राओं को पढ़ाने में पूरी निष्ठा का ध्यान रखें। इससे बड़ा और कोई हमारा कर्तव्य नहीं है और कर्तव्य का फल मिलना भी निश्चित है।