बिहार के सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना के अध्यक्ष तनवीर आलम का फेसबुक आईडी हैक होने का मामला सामने आया है। हैकरों ने पहले तनवीर आलम का फेसबुक आईडी हैक कर लिया, फिर पैसों की डिमांड भी की। उसके बाद से पैसे नहीं देने पर गंदी वीडियो डालने की धमकी दे ब्लैकमेल कर रहे हैं। थाना अध्यक्ष तनवीर आलम ने परेशान होकर मामला दर्ज कराया है। उसके बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
आजकल हैकर्स आम जनता को छोड़ कर अब पुलिस वालों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे ही लोगों में अब रघुनाथपुर थानाध्यक्ष तनवीर आलम भी शामिल हो गए हैं। हैकरों ने उनका फेसबुक आईडी हैक कर लिया है। साथ ही वे पैसों की डिमांड करते हुए लगातार गंदी वीडियो डालने की धमकी दे रहे हैं। तनवीर आलम बगहा जिले के रहने वाले हैं। वह सीवान में एसआईटी के स्पेशल टास्क फोर्स में भी हैं। तनवीर सीवान जिले के सराय ओपी थाना प्रभारी समेत कई थानों में अपना योगदान दे चुके हैं।
रघुनाथपुर थाना अध्यक्ष तनवीर आलम ने बताया कि मेरा फेसबुक आईडी हैकरों ने हैक कर लिया है। उन लोगों ने मेरे नाम पर कई लोगों से पैसों की डिमांड की है। जैसे ही लोगों ने मुझे फोन किया, मैंने उन्हें मना कर दिया। इस मामले को लेकर केस दर्ज करवा दिया है।