बिहार के गयाजी जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन हत्या और लूट जैसी घटनाएं घट रही हैं, जबकि पुलिस बेखबर नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार की सुबह अतरी प्रखंड के सीढ पंचायत में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस ने सीढ गांव जाने वाली सुनसान सड़क के किनारे से 30 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान सीढ गांव निवासी सत्येन्द्र ठाकुर के पुत्र श्याम ठाकुर की पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। रीना देवी के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम रीना देवी टेउसा बाजार में सामान खरीदने गई थीं। देर रात घर लौटते समय उनकी हत्या कर दी गई। गांव वालों और मृतका के बेटे ने हत्या का आरोप पति श्याम ठाकुर पर लगाया है।
गांव के लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते पति ने सुनसान रास्ते में गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही अतरी थाना पुलिस और नीमचक बथानी अनुमंडल के डीएसपी सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है। मृतका के बेटे शिवम कुमार ने बताया, “पापा दोपहर बाद मां को बाजार ले गए थे। रात करीब नौ बजे वह अकेले घर लौटे। जब हमने पूछा कि मम्मी कहां हैं, तो बोले कि वह पहले आ गई हैं। फिर कहा कि वह आ रही हैं। थोड़ी देर बाद बोले कि चलो तुम्हें रात में नानी घर छोड़ दूं, लेकिन हमने मना कर दिया। रात करीब दो से तीन बजे के बीच पापा घर से भाग गए।”
ये भी पढ़ें: Bihar Election: ‘माउंटेन मैन’ के बेटे ने कहा- राहुल गांधी ने आश्वासन के बावजूद नहीं मिला कांग्रेस का टिकट