जहानाबाद जिले में मोरहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से दहशत का माहौल है। नदी किनारे बसे लोग ऊंचे स्थानों पर पलायन कर रहे हैं। जहानाबाद–सकुराबाद मार्ग पर बने पुल पर एक फुट से अधिक पानी का बहाव शुरू हो गया है, जिससे लोग जोखिम उठाकर पार कर रहे हैं।
जहानाबाद जिले से गुजरने वाली मोरहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नदी किनारे बसे लोग अपने घर-बार छोड़कर ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। मोरहर नदी में पानी बढ़ने से जहानाबाद–सकुराबाद मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया पर पानी चढ़ गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं।
विज्ञापन
स्थिति और गंभीर तब हुई जब सकुराबाद बस स्टैंड के समीप बने पुल पर एक फुट से अधिक पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। इसके बावजूद आवागमन जारी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, न ही नदी किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया है।
इधर, वल्दैया नदी के नोआमा स्थित सूल्सगेट टूट जाने से भी जलप्रवाह जारी है। इससे आसपास के किसानों को नदी का पानी खेतों तक पहुंचने का लाभ नहीं मिल पा रहा। हालांकि कई किसान इस बीच अच्छी वर्षा और नमी मिलने से खुश नजर आ रहे हैं। इस बीच, थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि मोरहर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और पुल पर पानी का बहाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।