फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: 'ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया ताकतवर नेता', नित्यानंद राय बोले- दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मान

Thu, 18 Jun 2026 03:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

गया दौरे पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और सामरिक ताकत लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी को ताकतवर नेता बताया जाना भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव का प्रमाण है।
विज्ञापन
केन्द्रीय राज्य गृहमंत्री नित्यानंद राय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गयाजी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया में एक प्रतिष्ठित, प्रभावशाली और मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। परिसदन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख किया।

ट्रंप का बयान भारत की बढ़ती ताकत का प्रमाण

नित्यानंद राय ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ताकतवर नेता बताया जाना भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के बड़े फैसलों में भारत की भागीदारी और सहयोग अहम हो गया है, जो देश की मजबूत अंतरराष्ट्रीय स्थिति को दर्शाता है।

मोदी को मिले 33 अंतरराष्ट्रीय सम्मान

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 33 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये सम्मान संबंधित देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और यह दुनिया के विभिन्न देशों का भारत और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: Bihar: सांसद की शिकायत पर हरकत में राजभवन, सबौर कृषि विश्वविद्यालय में नियुक्ति घोटाले के आरोप, साक्ष्य मांगे

रक्षा बजट में बड़ा इजाफा

नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश का रक्षा बजट ढाई लाख करोड़ रुपये से बढ़कर आठ लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और रक्षा क्षेत्र को लगातार मजबूत किया है।

आतंकवाद और उग्रवाद पर कड़ा प्रहार

उन्होंने दावा किया कि देश में आतंकवादी घटनाओं में 95 प्रतिशत तक कमी आई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद की घटनाएं 82 प्रतिशत से अधिक घटी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता का यह बड़ा परिणाम है।

अप्रैल 2026 तक नक्सलवाद खत्म होने का दावा

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि अप्रैल 2026 तक भारत नक्सलवाद से मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि अब आतंकवादी घटनाओं का जवाब युद्ध जैसी रणनीति से दिया जाता है और आतंकवादियों के साथ-साथ उनके आकाओं को भी करारा जवाब दिया जा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र

प्रेसवार्ता के दौरान नित्यानंद राय ने ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने आतंकियों के ठिकानों तक पहुंचकर कार्रवाई की और पूरी दुनिया ने भारत की इस क्षमता को देखा।

भारत बना शौर्य, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक

नित्यानंद राय ने कहा कि आज भारत केवल आर्थिक और कूटनीतिक रूप से ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से भी मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा बढ़ी है, आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है और देशवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर गर्व है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें