सार
Bihar News: गया में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में डॉ. संतोष कुमार सुमन ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर खुशी जताई। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्हें 'जंगलराज का युवराज' बताया और कहा कि बिहार सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से काम कर रही है। पढ़ें पूरी खबर...
गया में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन
- फोटो : Amar Ujala
गया शहर में बुधवार को एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह के दौरान हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के निवर्तमान मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर संतोष जताया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए उन्हें “जंगलराज का युवराज” बताया और राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सख्ती का दावा किया।
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी राहत होगी
गया जी के डीएम कोठी के समीप आयोजित कार्यक्रम में डॉ. संतोष सुमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया और परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गया शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसे संस्थानों का शुरू होना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। डॉ. सुमन ने कहा कि नए अस्पताल के संचालन से आसपास के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी और गंभीर मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम पड़ेगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को इस पहल के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि संस्था क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी।
ये भी पढ़ें-
'पुलिस ने जिसे एनकाउंटर में मार गिराया, वह एनडीए नेता था' तेजस्वी यादव ने सबूत दिखाते हुए ऐसा कहा
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास को देखें। उन्होंने हाल ही में सुल्तानगंज में एक अधिकारी की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि बिहार सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। यदि कोई कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।