बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र में मंगलवार को मतदान के अंतिम चरण के दौरान दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच एक मामूली झड़प हो गई। नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने पीटीआई से बातचीत में बताया, “वारिसलीगंज क्षेत्र में मतदान केंद्र से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। संबंधित अधिकारी और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव ड्यूटी में लगे किसी सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने की अफवाह पूरी तरह झूठी है। उन्होंने कहा, “जो वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है वह एक निजी वाहन है, उसका चुनावी ड्यूटी से कोई संबंध नहीं है।”
ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025 Live: दूसरे चरण में अब तक 14.55 फीसदी वोटिंग, इन बूथों में लोगों ने किया वोट बहिष्कार
कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस बीच, झड़प का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते सुना जा सकता है कि उसे एक खास पार्टी को वोट न देने के कारण प्रतिद्वंद्वियों ने पीटा। हालांकि, पीटीआई इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।
बता दें कि बिहार की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक लगभग 3.7 करोड़ मतदाताओं में से 14.55 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस चरण में कुल 1,302 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो रही है।