मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के क्रम में जहानाबाद और अरवल जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं के संबंध में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन, जहानाबाद में संयुक्त समीक्षात्मक बैठक की। समीक्षात्मक बैठक में जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने जहानाबाद एवं अरवल जिले के विकास कार्यों का प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
अरवल बस स्टैंड से जनकपुर धाम, एस०पी० आवास हेतु हुए बैदराबाद पथ का निर्माण किया जायेगा। इस सड़क के निर्माण से अरवल बाजार में जाम की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
माली से एकरौजा भाया तुर्कतेलपा पथ का निर्माण किया जायेगा। यह पथ जर्जर स्थिति में है, इसके निर्माण से अरवल से गया एवं औरंगाबाद की दूरी काफी कम हो जाएगी।
कुर्था प्रखंड अन्तर्गत सिनाने वीयर एवं सिनाने नहर का पुनर्स्थापन कार्य किया जायेगा, इससे किसानों को सिंचाई की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
कुर्था प्रखंड अन्तर्गत मिर्जापुर से डकरा तक सड़क का निर्माण किया जायेगा, इससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
अरवल में स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जायेगा, इससे खेल का बढ़ावा मिलेगा।
अरवल जिला मुख्यालय में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जायेगा, इससे जिला स्तर पर प्रशासन द्वारा आयोजित किये जाने वाले विभिन्न बड़े कार्यक्रमों में सुविधा होगी। साथ ही स्थानीय सामाजिक कला संगठनों एवं कलाकारों को भी कला प्रदर्शन हेतु मंच मिल पायेगा।
अरवल में कोरियम में औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जायेगा, इससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा एवं लोगों को रोजगार मिलेगा।
अरवल जिले में अरवल, करपी, एवं कुर्था कुल 03 प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा।
अरवल मोड़ के नजदीक राजाबाजार आर०ओ०बी० का निर्माण किया जायेगा। इसके निर्माण से जल जमाव एवं ट्रैफिक जाम की समस्या से शहरवासियों को मुक्ति मिलेगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आयेगी।
एन०एच०-110 से एस०एस० कॉलेज, जहानाबाद तक सड़क का निर्माण किया जायेगा। इसके निर्माण से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण छात्रावास, श्रीकृष्ण महिला कॉलेज एवं अनेक सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालय के छात्रों के आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही इस पथ में पड़ने वाले एरोड्रॉम स्टेडियम में प्रस्तावित हेलीपैड से विशिष्ट अतिथियों के आवागमन में सुविधा होगी।
बराबर पर्यटन क्षेत्र का समग्र विकास किया जायेगा। इस पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास से यहाँ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, विशेषकर श्रवण माह में आवागमन की सुविधा के साथ-साथ पर्याप्त विश्रामगृह, रौशनी की व्यवस्था, शेड इत्यादि जैसी सुविधाएँ भी प्राप्त होंगी, जिससे पर्यटकों / श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी एवं आसपास के लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जहानाबाद में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जायेगा, इससे खेल को बढ़ावा मिलेगा।
जहानाबाद जिले में काको, घोसी एवं मखदुमपुर कुल 03 प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा।
जहानाबाद जिले में नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बनाया जायेगा। इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के लिए एक टीम को कल ही भेजा जा रहा है ताकि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना शीघ्र हो सके, इससे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के हर क्षेत्र में काम हो रहा है, आगे और तेजी से काम होगा। किसी भी पार्टी के जनप्रतिनिधि हों, उनके सुझाव का हमलोग सम्मान करते हैं। उनके इलाके की जो भी मांगें होंगी, उन सबको पूरा किया जाएगा। हमलोग किसी के साथ भेदभाव नहीं करते हैं। हम सबके हित में काम करते रहेंगे। हम सभी लोगों के हित में शुरू से काम करते रहे हैं। आप सभी का मैं पुनः अभिनंदन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने संयुक्त समीक्षा बैठक के पूर्व जहानाबाद समाहरणालय परिसर स्थित जीविका दीदी की रसोई का निरीक्षण किया और जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे कामों की प्रशंसा की।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान अपने लाव लश्कर के साथ जहानाबाद पहुंचे। जहानाबाद में उनका चार जगह पर कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री अपने निर्धारित समय से प्रगति यात्रा को लेकर उड़न खटोला से जिले के काको प्रखंड के धरहरा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, जिले के प्रभारी मंत्री अशोक कुमार चौधरी, मुख्य सचिव एवं डीजीपी के अलावा विभिन्न विभाग के प्रधान सचिव समेत कई लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा सबसे पहले धरहरा में पहुंची। जहां कई विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। उन्होंने कुल 241 करोड़ का विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों से संवाद किया, जिसमें उन्होंने कहा कि हम जब पहले यहां आए थे। उस समय महिलाओं के पास अच्छा पहनने को भी वस्त्र नहीं रहता था और अब आप लोग सब कितना अच्छा कपड़ा पहनने लगी हैं और भी बोलने लगी हैं। पहले आप लोग कहां बोलती थी। जब हम 2006 में यहां आए थे तो आप लोगों के हालात देखकर दूसरे लोगों से कर्जा लेकर जीविका दीदियों के लिए कई विकास योजनाएं चलाई।
इस दौरान वे करीब ढाई घंटे जिले में रहे और विभिन्न विभागों की योजनाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने अरवल एवं जहानाबाद के विकास कार्यों का समीक्षा भी अधिकारियों के साथ समाहरणालय के सभा कक्ष में किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धरहरा के बाद काजीसराय पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित उत्क्रमित उच्च विद्यालय के भवन एवं मनरेगा से निर्मित खेल मैदान का उद्घाटन किया। इसी तरह से मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय के अरवल मोड़ के पास राजा बाजार अंडरपास एवं प्रस्तावित आरओबी का स्थल का निरीक्षण किया।
इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। तत्पश्चात मुख्यमंत्री अपने दल बल के साथ मलहचक स्थित इंडोर स्टेडियम पहुंचे। जहां उन्होंने स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य को बारीकी से देखा। इसके बाद उपस्थित खिलाड़ियों से भी उन्होंने रूबरू हुए और खिलाड़ियों को उत्साहित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला समाहरनालय स्थित दीदी की रसोई का भी मुआयना किया। जहां जीविका दीदी से रसोई के संबंध में जानकारी प्राप्त किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ अरवल एवं जहानाबाद जिले की समीक्षा बैठक की।
इस बाबत जदयू के प्रदेश नेता निरंजन केशव उर्फ प्रिंस ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिलेबासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उत्साह इस कदर है, जो देख सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्य जिले में किए हैं और कई का आज शिलान्यास के साथ-साथ उद्घाटन भी किया गया है। इस मौके पर हम के राष्ट्रीय नेता रितेश कुमार उर्फ चुन्नू ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में जिले में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। हम लोगों के द्वारा भी जहानाबाद एवं मखदुमपुर के विकास के लिए कई चीजों की मांग की गई है, जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि इसे पूरा किया जाएगा। इस मौके पर जहानाबाद जिला जदयू अध्यक्ष दिलीप कुशवाहा के अलावे विधान पार्षद प्रमोद कुमार चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।
प्रगति यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहानाबाद पहुंचे। इस दौरान जहानाबाद के मुख्य सड़कों पर इस कदर बैरिकेटिंग किया गया था कि आम लोगों के साथ-साथ कुछ खास लोगों को भी बहुत परेशानियां झेलनी पड़ी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा अरवल और जहानाबाद जिले के समीक्षात्मक बैठक जिला समाहरणालय में आयोजित की गई थी। इसमें भाग लेने पहुंचे अरवल के माले विधायक महानंद एवं घोसी विधानसभा के माले विधायक रामबली सिंह यादव बैरिकेडिंग सड़कों पर रहने के कारण पैदल ही लगभग दो-तीन किलोमीटर चलकर समाहणालय पहुंचे और बैठक में भाग लिया।
इस मौके पर विधायक महानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आम जनता से डरे हुए हैं। यही कारण है कि पुलिस प्रशासन का उपयोग कर पूरे सड़क का बैरिकेडिंग कर दिए हैं। सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू लग गया है। आम लोगों के साथ-साथ कुछ खास लोगों को भी सड़कों पर चलने का अधिकार नहीं रह गया है। एक राजा की तरह वे जहानाबाद पहुंचे हैं, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कई दुकानों के साथ-साथ अस्पतालों को भी बंद कर दिया गया है।
इस मौके पर पैदल चल रहे माले विधायक रामबली सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस तरह से तानाशाही रवैया आम जनता पर लोकतंत्र के लिए घातक है। सड़कों पर जिस तरह से बैरिकेटिंग किया गया है, लोगों को अपने घर में ही कैद रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। आम लोगों को जरूरत की सामग्री नहीं मिल रही है, क्योंकि दुकान बंद है। इस प्रकार का रवैया मुख्यमंत्री का सही नहीं है। आने वाले बिहार विधानसभा के चुनाव में जिस तरह से पिछले विधानसभा एवं लोकसभा के चुनाव में मगध के इलाका में उन्हें करारी हार मिली थी। इस बार भी उनका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए जनता तैयार है।