गयाजी पहुंचे उद्योगपति मुकेश अंबानी।
- फोटो : अमर उजाला
देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी शुक्रवार को अपने पुत्र अनंत अंबानी के साथ बिहार के गया शहर स्थित विष्णुपद मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने हरि मंडप पर अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना करते हुए विधिपूर्वक पिंडदान और तर्पण किया। अंबानी परिवार के गयापाल तीर्थ पुरोहित शंभू लाल बिट्ठल ने बताया कि मुकेश अंबानी अपने पितरों के उद्धार हेतु गयाजी आए हैं। उन्होंने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्मकांड संपन्न किया।
इधर, अंबानी परिवार के के आगमन को देखते हुए विष्णुपद मंदिर परिसर में विशेष सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई थीं। गया एसएसपी ने पहले उनकी सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिया था। गया एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा वे मोक्षधाम गयाजी पहुंचे, जहां स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों ने उनका स्वागत किया। मुकेश अंबानी और उनके पुत्र अनंत अंबानी ने पूरे विधिपूर्वक श्राद्ध और पिंडदान करते हुए अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
19 सितंबर को गयाजी पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
शनिवार यानी 19 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी गयाजी में अपने पितरों के पिंडदान के लिए पहुंचेंगी। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गया एयरपोर्ट से विष्णुपद मंदिर तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
भाजपा सांसद ने बताया क्या है राहुल गांधी की फितरत?, जेन-जी आंदोलन को लेकर पूछे यह सवाल
रूट डायवर्जन और ड्रॉप गेट की व्यवस्था
इधर, पितृपक्ष मेला क्षेत्र में आने वाले मार्गों पर ड्रॉप गेट लगाए गए हैं, और सुरक्षा कारणों से कई रास्तों पर वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बता दें कि मोक्षधाम गयाजी नगरी में 6 सितंबर से विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला आयोजित है, जो 21 सितंबर को समाप्त होगा। अब तक देश-विदेश से लगभग 24 लाख तीर्थयात्री गयाजी पहुंच चुके हैं और अपने पितरों का पिंडदान कर चुके हैं।