नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सेखोदेवरा गांव में शादी के विवाद के दौरान हुई मारपीट हिंसक रूप ले गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया है।
दशरथ चौधरी के रूप में हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान दशरथ चौधरी के रूप में हुई है। बताया गया कि पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, राहुल कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज पटना में जारी है।घायलों में राधा देवी, शंभू चौधरी, ज्योति कुमारी, प्रीतम कुमारी और राजेश चौधरी शामिल हैं। सभी का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।
25 फरवरी को होनी थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति कुमारी की शादी 25 फरवरी को तय थी। वह मैट्रिक की परीक्षार्थी भी हैं। शादी की तैयारियों के बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात
ग्रामीणों के अनुसार, शादी समारोह को लेकर पहले से ही दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि विवाद इतना बढ़ जाएगा। घटना के बाद से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सेखोदेवरा गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
ये भी पढ़ें:
सरकारी गाड़ी से टच हुई बाइक तो भड़क गए BDO, युवक पर कर दी थप्पड़ों की बरसात, वीडियो वायरल
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।