फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाबोधि मंदिर हंगामा: व्यापारियों ने बाजार बंद कर की प्रदर्शनकारियों को हटाने की मांग; UP निवासी भंते गिरफ्तार

Wed, 14 May 2025 06:59 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बोधगया

सार

Mahabodhi Temple ruckus: महाबोधि मंदिर हंगामे को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने बाजार बंद कर की प्रदर्शनकारियों को हटाने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों में से एक आरोपी भंते को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि घटना होने के पीछे गंभीर आरोप लगे हैं। जानें...।
 
विज्ञापन
बाजार बंद कर प्रदर्शन करते बोधगया के व्यापारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में मंगलवार की रात उत्पन्न हुए विवाद और अशांति की घटना ने बोधगया की अंतरराष्ट्रीय छवि को झकझोर दिया है। मंदिर परिसर में डीजे सॉन्ग और नारेबाजी के साथ जबरन प्रवेश करने की कोशिश, सुरक्षा कर्मियों से बहस और हिंसा जैसी घटनाओं के विरोध में बुधवार को बोधगया के व्यापारियों ने एकजुट होकर बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने शांति मार्च निकाला और गुलाब का फूल देकर विरोध जताया। वहीं, घटना में घायल अनुज कुमार के बयान पर बोधगया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिसपर कार्रवाई में एक भंते को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन

 
हंगामे ने बिगाड़ी बोधगया की अंतरराष्ट्रीय छवि
बौद्ध भिक्षुओं के एक समूह द्वारा महाबोधि मंदिर मुक्ति आंदोलन के तहत मंगलवार की देर रात किए गए हंगामे से वातावरण तनावपूर्ण हो गया। घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों द्वारा मंदिर परिसर में नारेबाजी से मना करने पर स्थिति बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिक्षुओं के साथ आई महिलाओं और पुरुषों ने सुरक्षा कर्मियों से धक्का-मुक्की की और मारपीट तक की। इस दौरान माला-फोटो बेचने वाले एक दुकानदार के सिर पर गंभीर चोट भी आई। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से स्थिति और अधिक नहीं बिगड़ी, लेकिन यह घटना बोधगया जैसे शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक स्थल के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें- Accident Today: कार में बैठे शख्स की गर्दन कट गई, नेशनल हाइवे पर आगे चल रही जुगाड़ गाड़ी पर लदा चदरा नहीं दिखा
विज्ञापन

 
‘कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन बंद’
बुधवार को स्थानीय दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं और प्रशासन से मांग की कि आंदोलन के नाम पर अशांति फैलाने वालों को तत्काल हटाया जाए। उनका कहना है कि अगर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो बोधगया का बाजार अनिश्चितकालीन बंद किया जाएगा। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इन घटनाओं से बोधगया में आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो रही है।
 
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त
घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाबोधि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुद्ध जयंती समारोह के दौरान देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्त निगरानी जारी है।
 
पुराना आंदोलन और हालिया विवाद
बताया जा रहा है कि बौद्ध भिक्षुओं का एक दल बीटीएमसी (बोधगया टेम्पल मैनेजमेंट कमिटी) एक्ट में संशोधन की मांग को लेकर पिछले एक महीने से ज्यादा समय से धरना दे रहा है। मंगलवार को विवाद उस समय हुआ जब भिक्षुओं का यह दल महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध की पूजा के लिए गया और नारे लगाने लगा। एक महिला प्रदर्शनकारी ने पत्रकारों को बताया कि मंदिर में उन्हें ‘बुद्ध जयकार’ लगाने से रोका गया और कहा गया कि ‘जय श्री राम’ बोलें, जिससे विवाद बढ़ गया।

यह भी पढ़ें- Bihar Police:वाहन सवार युवक से जबरन वसूली करते पकड़े गए पुलिसकर्मी, एक दरोगा सहित चार गिरफ्तार
विज्ञापन

 
प्रशासन ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट किया कि आंदोलनकारियों से कई बार संवाद स्थापित किया गया है। 10 मई को हुई वार्ता में आंदोलन समाप्त करने का आश्वासन भी दिया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आंदोलन के बहाने कुछ बाहरी लोग भी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं, जिनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से की जा रही है। डीएम ने कहा कि कुछ प्रमुख लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे बोधगया की गरिमा और शांति को बनाए रखें। यह स्थल न केवल धार्मिक महत्व का है, बल्कि बिहार और भारत की पहचान भी है।
 
उक्त घटना में बोधगया निवासी घायल अनुज कुमार गुप्ता के बयान पर बोधगया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने छापामारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले भंते विनाचार्य के रूप में हुई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें