समग्र शहरी विकास योजनाओं में प्रशासनिक हस्तक्षेप और योजनाओं के चयन में मनमानी के विरोध में जहानाबाद के नगर पंचायत कार्यालय घोसी के समक्ष महागठबंधन के बैनर तले एक दिवसीय धरना का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद नेता सह सांसद प्रतिनिधि नंदकिशोर प्रसाद ने की, जबकि संचालन सीपीएम जिला सचिव कॉमरेड जगदीश प्रसाद ने किया। धरना को घोसी के विधायक कॉमरेड रामबली सिंह यादव ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जिला पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए।
योजनाओं में विधायकों की अनदेखी पर नाराजगी
धरना में घोसी विधायक रामबली सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत प्रस्तावित योजनाओं का चयन विधान मंडल के सदस्यों द्वारा अनुशंसित परियोजनाओं में से होना चाहिए। लेकिन 11 दिसंबर 2024 को जहानाबाद में आयोजित संचालन समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी ने उनकी अनुशंसा की गई पांच योजनाओं को प्रस्ताव में शामिल नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इस बैठक में मैं स्वयं और जहानाबाद विधायक कुमार कृष्णमोहन उर्फ सुदय यादव मौजूद थे। बावजूद इसके, जिला पदाधिकारी ने विधान मंडल सदस्यों के समानांतर अपनी पसंद की योजनाओं को प्रस्तावित किया। यह न केवल प्रोटोकॉल का उल्लंघन है, बल्कि योजना की राशि को जिला पदाधिकारी की ऐच्छिक निधि समझने की कोशिश भी है।
पदाधिकारियों पर कार्रवाई और मार्गदर्शिका का पालन कराने की मांग
विधायक रामबली सिंह यादव ने सरकार से मांग की कि इस मामले में जिला पदाधिकारी पर कार्रवाई हो। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के चयन में मार्गदर्शिका का कड़ाई से पालन हो और केवल विधान मंडल सदस्यों की अनुशंसा के आधार पर ही परियोजनाओं को स्वीकृत किया जाए।
सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
घोसी नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने अपनी चिंता जताई। उन्होंने नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की और कहा कि सफाई कर्मियों की सूची सार्वजनिक की जाए। उनका कहना था कि इस दिशा में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने की जरूरत है।
प्रशासन के फैसलों पर विरोध और जनहित की मांग
विधायक रामबली सिंह यादव ने कहा कि जिला पदाधिकारी का यह रवैया जनप्रतिनिधियों के अधिकारों को कम करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में इस तरह की मनमानी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरने के दौरान महागठबंधन के नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनहित के मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाई जाए और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का सम्मान किया जाए।
धरने में महागठबंधन के नेताओं की बड़ी भागीदारी
इस धरने में महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से नगीना यादव, बुद्धेश पासवान, ललित कुमार सिन्हा, शत्रुघ्न प्रसाद, संजीव कुमार बब्लू, संजय कुमार, विकास कुमार, श्रवण चंद्रवंशी और साधु दास ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।