सिर पर जलावन लकड़ी का गट्ठर उठाए राजद प्रत्याशी रोशन मांझी
- फोटो : अमर उजाला
गया की इमामगंज विधानसभा उपचुनाव में अब सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। 13 नवंबर को होने वाले इस चुनाव में महागठबंधन और एनडीए के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। जहां एक तरफ एनडीए प्रत्याशी दीपा मांझी चुनाव प्रचार में जुटी हैं, वहीं राजद के प्रत्याशी रोशन मांझी भी जनता को अपने पक्ष में गोलबंद करने के लिए अनोखे तरीके अपना रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, इमामगंज विधानभा से एनडीए प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू और राज्य सरकार के मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन की पत्नी दीपा मांझी हम पार्टी से प्रत्याशी हैं। जबकि राजद से रोशन मांझी हैं। दोनों प्रत्याशी जनता को अपने पक्ष में करने को लेकर धुआंधार चुनाव प्रचार करने में जुटे है। वहीं, जन सुराज पार्टी भी त्रिकोणीय चुनाव बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। लोगों के बीच बदलाव का विकल्प ढूंढते नजर आ रही है। इमामगंज विधानसभा सीट पर राजद और हम प्रत्याशी के बीच कांटे का मुकाबला है।
जनता को अपने पक्ष में गोलबंद करने को लेकर प्रत्याशी भी अजीबोगरीब काम करते नजर आ रहे है। इसी बीच राजद के प्रत्याशी रोशन मांझी लुटुआ थानाक्षेत्र के गांवों में चुनाव प्रचार कर रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी नजर महादलित बुजुर्ग को सिर पर जंगल से जलावन की लकड़ी लाते हुए पड़ी। इसके बाद कांपते बुजुर्ग को देखकर राजद प्रत्याशी अपने वाहन से उतर गए और उनका हाल–चाल जाना।
इसके बाद रोशन मांझी ने बुजुर्ग के सिर पर रखे लकड़ी के गट्ठर को लेकर अपने सिर पर रख लिया और करीब आधा किलोमीटर दूर चलकर उनके घर लुटुआ पहुंचाया और आशीर्वाद के रूप में वोट मांगा। इसके बाद ग्रामीणों में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है कि वोट के लिए प्रत्याशी कुछ भी करने को तैयार हैं। रूठी जनता को मनाने और गोलबंद करने में प्रत्याशी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।