गयाजी नगर निगम के वार्ड 46 के सफाई कर्मचारी प्रकाश दास की 18 चक्का हाईवा से कुचलकर मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया और माडनपुर बाईपास पर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गयाजी नगर निगम में कार्यरत वार्ड सफाई कर्मचारी की रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा माडनपुर बाईपास के पास उस समय हुआ जब प्रकाश दास नामक सफाई कर्मचारी हाईवा ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक का पिछला चक्का उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि राहगीर और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए। जैसे ही शव की पहचान हुई, स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भीड़ ने उस हाईवा ट्रक को पकड़कर माडनपुर में पूर्व मेयर के घर के पास रोक लिया और उसमें आग लगा दी। चालक मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
हादसे के कारण माडनपुर बाईपास मार्ग पर भारी जाम लग गया। सूचना मिलने पर गया नगर निगम प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर जलते ट्रक पर काबू पाया।
एक माह पहले ही हुआ था प्रकाश दास का स्थानांतरण
मृतक की पहचान वार्ड 46 में कार्यरत प्रकाश दास के रूप में हुई है, जो माडनपुर मोहल्ले के डाक स्थान के पास रहते थे। करीब एक महीने पहले ही उनका स्थानांतरण इस वार्ड में हुआ था।
स्थानीय पार्षद ने जताया दुख, मुआवजे की मांग
वार्ड 46 के पार्षद प्रतिनिधि साकेत कुमार उर्फ भगत ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि प्रकाश दास एक कर्मठ कर्मचारी थे। उन्होंने नगर आयुक्त से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हाईवा चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।