घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती गया पुलिस
गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वजीरगंज-फतेहपुर मुख्य मार्ग पर पुलिया के पास झाड़ियों से एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इलाके में दहशत का माहौल
गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वजीरगंज-फतेहपुर मार्ग पर स्थित वजीरगंज महाविद्यालय के समीप पुलिया के पास झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मृतका की उम्र करीब 50 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी।
दुर्गंध से हुआ शव का खुलासा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह राहगीरों को पुलिया के पास से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पहले लोगों ने किसी जानवर के मरने की आशंका जताई, लेकिन जब स्थानीय लोग झाड़ियों के भीतर गए, तो वहां महिला का शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह सड़ चुका था, जिससे आसपास का माहौल भयावह हो गया। घटना की सूचना तत्काल वजीरगंज थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान करने में जुटी हुई है।
पहचान करना मुश्किल, मामला संदिग्ध
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की हालत इतनी खराब है कि पहचान करना मुश्किल हो रहा है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। यह हत्या का मामला है या महिला की मौत किसी अन्य कारण से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है, ताकि महिला की पहचान हो सके।