झारखंड के देवघर में घटित चर्चित हत्याकांड को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान सामने आया है। बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने देवघर की घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शुक्रवार को भाजपा नेता एवं भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच के संस्थापक अध्यक्ष आशुतोष कुमार से उनके ए.पी. कॉलोनी स्थित आवास पर मिले। इस दौरान उन्होंने देवघर में हुई घटना की पूरी जानकारी ली। आशुतोष कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई आलोक कुमार की मृत्यु किसी सड़क दुर्घटना में नहीं, बल्कि एक साजिश के तहत की गई निर्मम हत्या है।
परिजनों का आरोप है कि इस जघन्य अपराध में झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़ा एक नेता शामिल है। आरोप यह भी है कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों को बचाने के लिए प्राथमिकी में घटना की तिथि तक बदल दी गई, जिससे पूरे प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
झारखंड की कानून व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
श्री सिन्हा ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर झामुमो सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और पीड़ित परिवार को न्याय से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और झारखंड सरकार से बातचीत कर एक-एक दोषी को कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025 : भारत निर्वाचन आयोग घिर गया; विपक्ष को जीतन राम मांझी ने कैसे दे दी ताकत?