गया जी जिले के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएनएमसीएच) में सोमवार सुबह बड़ा बवाल हो गया। अस्पताल परिसर में जूनियर डॉक्टर और एक प्राइवेट एंबुलेंस चालक के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते अस्पताल का माहौल जंग के मैदान में बदल गया। घटना से नाराज इंटर्न डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा ठप कर दी और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इमरजेंसी बंद होने से अस्पताल में भर्ती मरीजों और आपातकालीन इलाज के लिए पहुंचे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मगध मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने में जुट गई। अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और डॉक्टरों को मनाने का प्रयास किया। आखिरकार अधीक्षक और प्राचार्य के समझाने के बाद जूनियर डॉक्टरों ने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया और इमरजेंसी सेवा फिर से शुरू कर दी।
अधिक्षक डॉ. के.के. सिन्हा ने कहा कि मामले की जानकारी मिल चुकी है। जल्द ही पूरे प्रकरण की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह मामला कॉलेज प्रशासन से जुड़ा है और विस्तृत जानकारी प्राचार्य देंगे।